बीजापुर

भोपालपटनम के शिव मंदिर में भव्य महाआरती, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

महिलाओं की रही विशेष सहभागिता, महाआरती के बाद हुआ भंडारा,

भोपालपटनम। सावन माह की पावन बेला में नगर का प्राचीन शिव मंदिर इन दिनों शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर है। पिछले तीन महीना से प्रत्येक सोमवार यहां भव्य महाआरती का नियमित आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से महिलाओं की उपस्थिति और उत्साह इस धार्मिक आयोजन की विशेष पहचान बन गई है।
प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली महाआरती लगभग एक घंटे तक चलती है। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष, शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि तथा भजन-कीर्तन से भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित हो जाता है। श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजन एवं आरती कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना करते हैं।
महाआरती का विधि-विधान से संचालन पंडित राम गुंडम वाल मनोहर जी द्वारा कराया जाता है। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विशेष श्रृंगार एवं पूजन संपन्न कराया जाता है, जिसके पश्चात सभी श्रद्धालु सामूहिक महाआरती में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करते हैं।
महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी भक्त प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। शिव मंदिर समिति के अनुसार प्रत्येक सोमवार नगर के श्रद्धालु अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ अथवा अन्य शुभ अवसरों पर भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने के उद्देश्य से भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन कराते हैं। कई श्रद्धालु स्वयं अपने घरों से प्रसाद बनाकर भी मंदिर में लेकर आते हैं और भक्तों के बीच वितरित करते हैं।
इस सोमवार के महाआरती एवं भंडारे के यजमान कुमारी अर्चना वासंम एवं कुमारी नवीना पामभोई, भोपालपटनम रहीं। उनके द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्थानीय नागरिकों ने इस धार्मिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। सावन माह में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है और महाआरती में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है।
शिव मंदिर समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित कम से कम एक सोमवार महाआरती में अवश्य शामिल हों और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें। समिति का कहना है कि भगवान शिव की कृपा से सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button