बीजापुर

भोपालपटनम शिव मंदिर में भव्य रूप से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

रिपोर्टर पूजा रापर्ती
भोपालपटनम

भजन-कीर्तन से देर रात तक गूंजा मंदिर परिसर, मध्यरात्रि में हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
भोपालपटनम। नगर के शिव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर शिव मंदिर समिति एवं मारुति मानस रामायण मंडली, भोपालपटनम के संयुक्त तत्वावधान में विशेष पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विशेष रूप से महिलाओं ने भजन-कीर्तन में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
रात्रि 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक मारुति मानस रामायण मंडली द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति दी गई। भजन-कीर्तन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के भजनों में भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
जन्माष्टमी की पावन बेला में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को भजनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मध्यरात्रि में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का शुभ मुहूर्त आते ही मंदिर परिसर शंख-ध्वनि, घंटियों और जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का दुग्ध-स्नान एवं अभिषेक किया गया। दीप-मालिकाओं से मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया और विधि-विधान के साथ महाआरती की गई। पूजा-पाठ के बाद श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं अन्य श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना में अपनी सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।
आज होगा छप्पन भोग एवं भोग-आरती का आयोजन
शिव मंदिर समिति द्वारा बताया गया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आज प्रातः 11 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय छप्पन भोग का विशेष श्रृंगार एवं भोग-आरती का आयोजन किया जाएगा। समिति ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार मंदिर पहुंचकर छप्पन भोग के दर्शन एवं भोग-आरती में शामिल होने की अपील की है।
शिव मंदिर समिति एवं मारुति मानस रामायण मंडली, भोपालपटनम ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन को सफल बनाने में सहयोग एवं सहभागिता के लिए सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button