डीएवी भोपालपटनम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव

शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, टॉपर्स हुए सम्मानित
शाला प्रवेशोत्सव में गूंजा शिक्षा का संदेश, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
भोपालपटनम, 02 जुलाई 2026। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, उल्लूर में गुरुवार को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष अशोक तलांडी एवं विद्यालय के प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पूजा-अर्चना संपन्न की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य का तिलक लगाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प, माला, चॉकलेट एवं हाथ मिलाकर स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं। इस अवसर पर पूर्वी एवं समूह द्वारा स्वागत गीत तथा श्रेया श्री एवं समूह द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि अशोक तलांडी ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी उच्च पदों तक पहुँच सकते हैं। भोपालपटनम क्षेत्र से अनेक अधिकारियों के चयन का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय की समस्याओं को भी सुना तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है और निरंतर प्रयासों से यहाँ के विद्यार्थी भविष्य में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर क्षेत्र एवं विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2025–26 में प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के टॉपर्स को पदक, प्रशस्ति-पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन भानुप्रताप सोनकर एवं एस. विक्टोरिया रानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नीलम साहू द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक मिनेश कुमार पाण्डेय सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगी कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।


