जिला शिक्षा अधिकारी ने की विकासखंड बीजापुर की समीक्षा, शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

बीजापुर। जिला शिक्षा अधिकारी बीजापुर द्वारा विकासखंड बीजापुर के शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण, गणवेश वितरण, छात्रवृत्ति पंजीयन, VSK ऑनलाइन कार्य, सरस्वती साइकिल योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण अध्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शासकीय योजना का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक निर्धारित समय-सीमा में पहुँचे।
उन्होंने अधिकारियों, प्राचार्यों एवं विद्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन, शैक्षणिक गुणवत्ता तथा आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण करने पर भी विशेष बल दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में डीएमसी रेड्डी, सहायक जिला परियोजना अधिकारी विजय झाड़े, सहायक खेल अधिकारी सुब्बैया, डाइट फैकल्टी मनोज कावटी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नागेश्वर निषाद, प्रोग्रामर दिनेश चंद्रा, समस्त विभागीय अधिकारी, प्राचार्य, सीएसी, प्रधान अध्यापक एवं अधीक्षक उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों ने शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।



