बीजापुर

बीजापुर की जय बूढ़ादेव समूह ने बस्तर पण्डुम में लहराया परचम

जनजातीय पेय पदार्थों और विशिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी में प्रतिभा का मनवाया लोहा

बीजापुर, 5 अप्रैल: बस्तर संभाग स्तरीय पण्डुम में बीजापुर जिले के जय बूढ़ादेव समूह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। समूह ने जनजातीय पेय पदार्थों और विशिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जिसके फलस्वरूप उन्हें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों विजेता का पुरस्कार प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
दंतेवाड़ा में आयोजित चार दिवसीय (2 अप्रैल से 5 अप्रैल तक) इस संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम में बस्तर संभाग के सभी सात जिलों – दंतेवाड़ा, बीजापुर, कांकेर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर और कोंडागांव के विभिन्न समूहों ने अपनी पारंपरिक कला और संस्कृति का प्रदर्शन किया। इस दौरान जनजातीय पेय पदार्थों और व्यंजनों की एक आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसमें प्रत्येक जिले के प्रतिभागियों ने अपनी विशिष्टता प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न जिलों के विशेषज्ञों ने पेय पदार्थों और व्यंजनों के स्वाद, उनकी प्रस्तुति और उन्हें बनाने की पारंपरिक विधियों के गहन मूल्यांकन के बाद विजेताओं का चयन किया। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में बीजापुर के जय बूढ़ादेव समूह ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफलता हासिल की।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से जिले में हर्ष का माहौल है और जय बूढ़ादेव समूह की इस सफलता को जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान का सम्मान माना जा रहा है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button