बीजापुर

स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में ‘न्योता भोज’ का उल्लास, सहभोज से मिला सामाजिक सहभागिता का संदेश

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोपालपटनम एवं स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम विद्यालय भोपालपटनम में ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों के साथ सहभोज कर सामाजिक सहभागिता एवं अपनत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों विद्यालयों के प्राचार्यों द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुआ। स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम कन्या पूर्व माध्यमिक शाला की प्राचार्य श्रीमती गगन पामभोई एवं स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम विद्यालय के प्राचार्य श्री देवी सिंह कश्यप ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं आत्मीय स्वागत करते हुए न्योता भोज में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अतिथियों के साथ स्नेह पूर्ण वातावरण में भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता कुडेम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कविता कोरम, जिला शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक सुधाकर, भाजपा मंडल जिला मंत्री वेंकटेश यालम, मंडल मंत्री सांई कृष्ण चेट्टी, मंडल कोषाध्यक्ष सचिन आत्रम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष बोरे, पार्षद नीरज सोनारकर, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष फारूख खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक मड़े तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कोरम सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत संचालित ‘न्योता भोज’ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यालय, समाज और अभिभावकों के बीच आत्मीय संबंधों को सुदृढ़ करते हैं तथा बच्चों में सामाजिक समरसता, अपनत्व और सामूहिकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में दोनों विद्यालयों के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का विशेष सहयोग रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं सहयोग कर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button