बीजापुर

भोपालपटनम में ‘न्योता भोज’ महाअभियान सफल: 8 हजार से अधिक बच्चों को मिला पौष्टिक भोजन

कलेक्टर विश्वदीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नम्रता चौबे की पहल तथा जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडेय के मार्गदर्शन में विकासखंड भोपालपटनम के 157 प्राथमिक एवं 54 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत ‘न्योता भोज’ महाअभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से कक्षा पहली से आठवीं तक अध्ययनरत लगभग 8,000 विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया गया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कोरम एवं बीआरसी शंकर यालम के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान को सभी विद्यालयों के संस्था प्रमुखों, शिक्षकों तथा स्थानीय समुदाय के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। विभिन्न विद्यालयों में बच्चों के लिए खीर-पूड़ी, मछली, चिकन, अंडा, स्वादिष्ट सब्जियाँ, मिठाइयाँ तथा मौसमी फल परोसे गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक भोजन का आनंद लिया।
इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों, पालकों, गणमान्य नागरिकों एवं महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी रही। उनके सहयोग से विद्यालयों और समाज के बीच आपसी सहभागिता और विश्वास को नई मजबूती मिली। यह पहल शासन की ‘न्योता भोज’ योजना को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि न्योता भोज केवल भोजन उपलब्ध कराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह बच्चों के समुचित पोषण, बेहतर स्वास्थ्य, नियमित विद्यालय उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों की पोषण शक्ति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समाज को विद्यालय से जोड़ने का भी प्रभावी प्रयास हैं।
पूर्व माध्यमिक शाला रालापल्ली में संगठन मंडल मंत्री (भाजपा) साईं कृष्णा चेट्टी एवं जिला अध्यक्ष, शिक्षा प्रकोष्ठ (भाजपा) सुधाकर आनकारी के मुख्य आतिथ्य में न्योता भोज का आयोजन किया गया। अतिथियों ने बच्चों के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर भोजन ग्रहण किया तथा उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित आहार के महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर सुधाकर आनकारी एवं साईं कृष्णा चेट्टी ने कहा कि “न्योता भोज जैसे आयोजन बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी पोषण शक्ति को भी बढ़ावा देते हैं। समाज और विद्यालय की सहभागिता से बच्चों के सर्वांगीण विकास का मार्ग और अधिक सशक्त होगा।”

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button