शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, दोषी पुलिस अधिकारियों पर एफआईआर और निष्पक्ष जांच की मांग

रिपोर्टर- पूजा रापर्ती
भोपालपटनम। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज तथा कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भोपालपटनम ने गुरुवार को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष अशोक मड़े के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम भोपालपटनम को सौंपा।
ज्ञापन में छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों और विपक्षी नेताओं पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की आवाज का सम्मान करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन में बसंत राव ताटी, कामेश्वर गौतम, सालिक नागवंशी, वल्वा मदनैया, श्रीमती रिंकी कोरम, के.जी. सत्यम, रामू मोरला, गंगाधर कोरम, संतोष बोरे, अनिल पामभोई सहित पार्षद एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

