बीजापुर

जिला शिक्षा अधिकारी ने भोपालपटनम में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारी, जिला बीजापुर के मार्गदर्शन में विकासखंड भोपालपटनम में शिक्षा विभाग की विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में विकासखंड के समस्त प्राचार्य, संकुल समन्वयक, प्रधान अध्यापक, आश्रम अधीक्षक तथा आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निर्धारित दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान VSK ऐप में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना का प्रभावी संचालन, छात्रवृत्ति पंजीयन, आधार कार्ड, अपार आईडी (APAAR ID), जाति, आय, जन्म एवं निवास प्रमाण-पत्र, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश वितरण, सरस्वती साइकिल योजना, पाठ्यक्रम का समयबद्ध संचालन, समयसारिणी का पालन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, प्रार्थना सभा का प्रभावी आयोजन तथा दक्ष बीजापुर अभियान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रेरणादायक कहानियों एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में सहायक जिला परियोजना अधिकारी बृजलाल पुजारी, विजय झाड़े, पुरुषोत्तम चंद्राकर, डाइट फैकल्टी मनोज कावटी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कोर्रम, बीआरसी, एबीईओ, मंडल संयोजक, समस्त प्राचार्य, सीएसी, प्रधान अध्यापक, शिक्षक एवं अधीक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन मकबूल अहमद द्वारा किया गया।

पूजा रापर्ती  रिपोर्टर

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button