बीजापुर

भोपालपटनम से बड़ी खबर – आत्मानंद स्कूल में चोरी, CCTV कैमरों की कमी से नहीं मिल सके सुराग

भोपालपटनम। नगर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने आत्मानंद स्कूल में सेंध लगाकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने स्कूल प्रिंसिपल के कक्ष का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। दरवाजा प्लाई का बना हुआ था, जो कमजोर होने के कारण आसानी से टूट गया। आश्चर्यजनक बात यह रही कि ताला जस का तस अपनी जगह पर लगा रहा, लेकिन दरवाजे पर जूतों के स्पष्ट निशान दिखाई दिए।

चोर यहां से दो नग सीपीयू, एक डेस्कटॉप बैटरी, माउस और कीबोर्ड चोरी कर ले गए। खास बात यह है कि स्कूल परिसर में DVR और केबलिंग लगभग 4 साल पहले ही बिछाई जा चुकी थी, लेकिन कैमरे अब तक इंस्टॉल नहीं किए गए थे। इसी वजह से पूरी घटना CCTV में कैद नहीं हो सकी।

प्रिंसिपल कक्ष से चोरी हुए कंप्यूटर सिस्टम में विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा संबंधी दस्तावेज, फीस रिकार्ड और विभागीय पत्राचार की महत्वपूर्ण फाइलें सुरक्षित थीं। इनकी चोरी से शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।

नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं

भोपालपटनम नगर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते 10 दिनों में यह दूसरी बड़ी चोरी है। पिछली घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया था, लेकिन आत्मानंद स्कूल में हुई इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने बताया कि आत्मानंद स्कूल में हुई चोरी गंभीर मामला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है। चोरों द्वारा अपनाए गए तरीके से साफ है कि यह एक सुनियोजित वारदात है। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

? नगरवासी अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button