विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागतकलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान

भोपालपटनम, । 25 जून 2026।
बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन मिनी स्टेडियम भोपालपटनम में बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का बाजे-गाजे एवं पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती तनुजा कुमार तथा अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रिंकी टेंगे ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष नरसिंह रेड्डी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष फारुख खान, नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष बोरे, शिक्षा प्रकोष्ठ जिला संयोजक आनकारी सुधाकर, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र कुमार वासम तथा जिला मंत्री वेंकटेश्वर यालम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कोरमा, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी वेंकटेश्वर दूधी, प्राचार्यों एवं शिक्षकों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं बैच लगाकर स्वागत-सम्मान किया गया। विद्यालय के बाल कलाकारों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी के द्वारा विकासखंड की शिक्षा सत्र 2025 26 एवं शैक्षणिक सत्र की पृष्ठभूमि विस्तार पूर्वक रखा गया
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे तथा जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत गरिमामय बन गया।
इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का बाजे-गाजे के साथ स्वागत कर उन्हें मंच पर लाया गया। मुख्य अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर, मिठाई खिलाकर तथा पाठ्यपुस्तकें वितरित कर विद्यालय परिवार में उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि “विद्या मानव जीवन का सबसे बड़ा धन है। शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है।” उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा देश का जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने तथा अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा प्रकोष्ठ जिला संयोजक आनकारी सुधाकर द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कॉपी, पेंसिल, कटर, रबर सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
साथ ही शिक्षा सत्र 2024-25 में विकासखंड स्तर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट पालकों, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के बाल कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर अतिथियों ने उन्हें पुरस्कृत भी किया।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कोरमा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत पार्षद विजार खान, सरपंच संघ अध्यक्ष सुरेश यालम, ओबीसी मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष मुरलीधर चेट्टी, युवा मोर्चा के साई चेट्टी, भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता मुरली चांडक, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री के. श्रीनिवास राव, मंडल उपाध्यक्ष चिकुड़ गणपत, बीआरसी शंकर यालम सहित विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


