हनुमान मंदिर में भव्य रामायण पाठ का आयोजन, भक्तों ने श्रद्धा के साथ लिया हिस्सा

बाल हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में हुआ आयोजन,
भोपालपटनम। बाल हनुमान सेवा समिति, हनुमान चौक भोपालपटनम के तत्वावधान में मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को हनुमान मंदिर में रामायण मानस मंडली द्वारा भव्य रूप से रामायण पाठ का आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य शामिल हुए और श्रद्धापूर्वक रामायण पाठ का श्रवण किया।
रामायण पाठ के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। मानस मंडली के सदस्यों द्वारा रामचरितमानस की चौपाइयों एवं भजनों का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने भी पूरे भक्तिभाव के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम, हनुमान जी एवं अन्य देवी-देवताओं के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में बाल हनुमान सेवा समिति के संरक्षक जी प्रेम द्वारा श्रद्धालुओं एवं उपस्थित सदस्यों के लिए चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन लगातार होते रहने चाहिए। ऐसे आयोजनों से लोगों में धार्मिक आस्था मजबूत होने के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता भी बनी रहती है।
संरक्षक जी प्रेम ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि यह हमें मर्यादा, सेवा, त्याग, सत्य और आपसी सद्भाव का संदेश देती है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भी हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है।
आयोजन में रामायण मानस मंडली के सदस्य, उपस्थित श्रद्धालु, शिव मंदिर के पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा श्री श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्री हनुमान एवं श्रीराम से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की। समिति के सदस्यों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करते रहने की बात कही।



