बाढ़ प्रभावित गांवों का विधायक विक्रम मंडावी ने किया दौरा, ग्रामीणों से मिलकर जाना हाल

प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की मांग, हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा
भोपालपटनम। बीजापुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। नदी के उफान पर होने से भोपालपटनम ब्लॉक के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कई स्थानों पर आवागमन बाधित है, जबकि नदी किनारे बसे ग्रामीणों के सामने जलभराव, पेयजल, आवागमन और दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं खड़ी हो गई हैं। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को विधायक विक्रम मंडावी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं का जायजा लिया।
विधायक विक्रम मंडावी सुबह से ही अपने सहयोगियों के साथ चंदनगिरी, गुनलापेंटा, बारेगुड़ा, पोलेम, लिंगापुर, देपला सहित अन्य प्रभावित गांवों में पहुंचे। उन्होंने गांवों का निरीक्षण करते हुए घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और बाढ़ से उत्पन्न कठिनाइयों की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण कई मार्ग जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। कुछ स्थानों पर पेयजल की समस्या भी सामने आ रही है, वहीं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई।
दौरे के दौरान विधायक मंडावी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा और प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, राहत सामग्री, खाद्यान्न, पेयजल, दवाइयों तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संवेदनशील गांवों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी स्थिति में राहत कार्यों में लापरवाही न बरती जाए। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के इस कठिन समय में सभी को धैर्य और सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उफनती नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन या जनप्रतिनिधियों को सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
विधायक मंडावी ने प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और कांग्रेस पार्टी हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के लिए प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय किया जाएगा, ताकि किसी भी जरूरतमंद परिवार को सहायता से वंचित न रहना पड़े।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत ताटी, गौतम कामेश्वर सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों का हालचाल जाना, राहत कार्यों की जानकारी ली तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील गांवों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय करने की तैयारी की गई है।



