बीआरसी कार्यालय भोपालपटनम में अबाकस प्रशिक्षण सम्पन्न, गणित शिक्षण होगा और प्रभावी

भोपालपटनम। जिला प्रशासन एवं मास्टर माइंड अबाकस फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से बीआरसी कार्यालय भोपालपटनम में संकुल केंद्र भोपालपटनम ‘अ’, भोपालपटनम ‘ब’ एवं रूद्रारम के शिक्षकों के लिए अबाकस प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में अबाकस के ब्लॉक कॉर्डिनेटर राहुल दानम ने गणितीय संक्रियाओं एवं अबाकस तकनीक पर आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने शिक्षकों को अबाकस के माध्यम से जोड़, घटाव, गुणा एवं भाग जैसी गणितीय अवधारणाओं को सरल एवं रोचक ढंग से विद्यार्थियों तक पहुँचाने के प्रभावी तरीके बताए।
इस अवसर पर सहायक खंड शिक्षा अधिकारी भोपालपटनम दूधी वेंकटेश्वर प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित रहे सहित संकुलों के कक्षा पाँचवीं का अध्यापन करने वाले शिक्षक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने अबाकस आधारित गतिविधियों का अभ्यास किया तथा विद्यालयों में इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।
प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करना, मानसिक गणना की क्षमता बढ़ाना तथा गणितीय अवधारणाओं को सहज, सरल और आनंददायक तरीके से समझने में सहायता प्रदान करना है। जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, एकाग्रता एवं गणना कौशल में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण गणित शिक्षण को नई दिशा मिलेगी।


